नवगछिया | पुलिस ने मद्यनिषेध अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुआल से लदे एक ट्रैक्टर से 756 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। यह कार्रवाई 5 फरवरी 2026 को भवानीपुर थाना क्षेत्र में की गई, जिसमें एक नाबालिग चालक को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर चालक बिहपुर की ओर भारी मात्रा में शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर भवानीपुर थाना पुलिस ने एनएच-31 पर थाना के सामने वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रैक्टर को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान ट्रैक्टर पर लदे पुआल के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 756 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और चालक को निरुद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

इस संबंध में भवानीपुर थाना में कांड संख्या 35/26, दिनांक 5 फरवरी 2026 को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 30 (ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। बरामदगी में विदेशी शराब के साथ एक ट्रैक्टर और एक मोबाइल फोन भी शामिल है, जिसे साक्ष्य के तौर पर जब्त किया गया है।

