नवगछिया क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक घटना घटी. फूस के घर में लगी आग से एक नवजात शिशु झुलस गया. आगजनी की घटना में घर में रखा 30 हजार रुपये नकद और लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई. नवजात को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Total Downloads: 376
आतिशबाजी बनी आग का कारण
पीड़ित परिवार ने बताया कि नए साल के मौके पर लोग पटाखे और आतिशबाजी कर रहे थे. इसके चलते घर में आग लग गई. पीड़िता प्रीति देवी ने कहा कि पटाखा जलाने वालों को पहले ही आगाह किया गया था कि फूस के घर के सामने आतिशबाजी न करें, लेकिन उन्होंने अनसुनी कर दी। चिंगारी उड़कर घर तक पहुंची और आग लग गई.
नवजात का चेहरा बुरी तरह झुलसा
आगजनी उमेश मंडल के घर में हुई. प्रीति देवी ने बताया कि उनकी ननद सबिता कुमारी और उनके पति कन्हैया मंडल भागलपुर के लैलेख से डिलीवरी के बाद नवगछिया आए हुए थे. घटना के वक्त परिवार के सदस्य दूसरे घर में खाना खाने गए थे. जिस घर में आग लगी, वहां उनके ससुर और तीन महीने का नवजात बच्चा सो रहे थे. आग के कारण बच्चे का चेहरा बुरी तरह झुलस गया.

दमकल और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
आग की खबर मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पाया जा सका. आगजनी के कारण पास की एक गुमटी में भी आग लग गई, जिससे और नुकसान हुआ.
