नवगछिया। बिहार विधान सभा आम निर्वाचन-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर नवगछिया पुलिस सक्रिय है। चुनाव को ध्यान में रखते हुए नवगछिया पुलिस ने क्षेत्र के सभी शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों को अपने-अपने थाने में शस्त्र सत्यापन कराने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद कई अनुज्ञप्तिधारियों ने तय अवधि में सत्यापन नहीं कराया।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक, नवगछिया द्वारा ऐसे शस्त्र अनुज्ञप्तिधारियों की सूची तैयार कर वरीय स्तर पर भेजी गई, जिनके द्वारा अब तक शस्त्र सत्यापन नहीं कराया गया, सत्यापन के बाद शस्त्र जमा नहीं किया गया या जिनके अनुज्ञप्तिधारी का निधन हो चुका है।
सूची पर कार्रवाई करते हुए संबंधित शस्त्र अनुज्ञप्तियों को निलंबन / रद्दीकरण के लिए प्रस्तावित किया गया है। आदेश के अनुसार जिन अनुज्ञप्तिधारियों की अनुज्ञप्ति रद्द की गई है, उनके शस्त्रों को जब्त करने हेतु थानों को निर्देश जारी कर दिया गया है।

नवगछिया पुलिस की अपील:
चुनाव अवधि के दौरान कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन न करें। बिना सत्यापन या जमा किए शस्त्र रखने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

