नवगछिया : रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। काली मंदिर के पास तेज रफ्तार कार ने साइकिल से मछली बेचने जा रहे मोहम्मद शकील (50) और एक अन्य ग्रामीण दिलीप यादव को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब 7:50 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शकील की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दिलीप को ग्रामीणों ने तुरंत टोटो से अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। डॉक्टरों ने शकील को मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक नशे की हालत में था और हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को फोन कर सूचना दी, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस दो घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस की इस देरी पर गुस्साए लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। मृतक शकील के परिजनों और ग्रामीणों ने रोष में आकर यह तक कह दिया कि यदि पुलिस समय पर आती तो आरोपी चालक पकड़ा जा सकता था। नाराज लोगों ने गाड़ी को आग लगाने की चेतावनी भी दी। ग्रामीणों के बढ़ते तनाव के बीच थाना प्रभारी ने फोन पर बताया कि चौकीदार को भेज दिया गया है और वे ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में व्यस्त हैं।

नवगछिया अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के दौरान भी परिजनों और ग्रामीणों में गुस्सा शांत नहीं हुआ। शकील के शव के साथ लोगों ने नवगछिया बाजार रोड पर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि पुलिस की देरी ने स्थिति को और बिगाड़ दिया।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। गांव के लोगों में घटना को लेकर अब भी भारी तनाव का माहौल है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *