रंगरा। रविवार को रंगरा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना डुमरिया-तिनटंगा मुख्य सड़क पर डुमरिया गांव के पास हुई, जहां एक अनियंत्रित टेंपो ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान कालूचक गांव निवासी मिंटू कुमार (25) और सौरभ कुमार (22) के रूप में की गई है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को उठाकर रंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है, और वाहन चालक की तलाश जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर भारी वाहनों और टेंपो की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाएँ आम हो गई हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और नियमित पुलिस गश्ती की मांग की है।

