नवगछिया। कटिहार रेल एसपी संजय भारती ने सोमवार को नवगछिया जीआरपी में आरपीएफ, नवगछिया आदर्श थाना सहित जीआरपी के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने रेल क्षेत्र में अपराध नियंत्रण सहित शराब बरामदगी और शराब तस्करों की गिरफ्तारी के लिए रणनीति बनाई। सभी के सहयोग से हरहाल में गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Total Downloads: 101
बैठक में नवगछिया मॉडल स्टेशन के बाहर संध्या समय शराब पीकर हो-हल्ला करनेवाले लोगों की धरपकड़ के साथ-साथ पॉकेटमारों को भी दबोचने की रणनीति बनी। इस दौरान आसपास के पॉकेटमारों की सूची भी बनाई गई, जो पूर्व में पॉकेटमारी में जेल जा चुके हैं। उनकी गतिविधि पर भी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। एसपी ने नवगछिया थाना और आरपीएफ को इसमें सहयोग के लिए कहा गया है।
नवगछिया जीआरपी के भवानीपुर में 10 सी गुमटी के गेटमैन मुकेश मंडल की हत्या के बाद हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। एसपी ने हरहाल में हत्यारे की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। आरपीएफ इंस्पेक्टर मृणाल ने बताया कि गेटमैन की हत्या के आरोपी घटना के बाद पंजाब भाग गए हैं। एसपी ने कहा कि रेल क्षेत्र में जो भी बदमाश अपराध कर रहे हैं, उसकी सूची बनाई जा रही है। सबको जेल भेजा जाएगा। कटरिया रेलवे स्टेशन पर बदमाशों द्वारा लगातार घटना को अंजाम देने के बाद वहां सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रेल डीएसपी को कहा गया।

कटिहार जिले के कुर्सेला स्टेशन पर बदमाशों के वर्चस्व की शिकायत पर रेल एसपी ने वहां पीपी खोलने की बात कही। कटिहार से सटे सेमापुर स्टेशन पर अपराध की घटनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में रेल डीएसपी कुमार देवेन्द्र, इंस्पेक्टर मृणाल, नवगछिया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत भूषण, मेजर श्रीकांत मंडल सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
फोटो: डीएसपी, आरपीएफ इंस्पेक्टर, नवगछिया मॉडल थानाध्यक्ष, जीआरपी पदाधिकारी से अपराध पर बातचीत करते रेल एसपी।
