नवगछिया : खरीक प्रखंड के राघोपुर पंचायत अंतर्गत छोटी अलालपुर गांव में गुरुवार को गम और शोक का माहौल रहा, जब ग्रामीणों ने दो दिन पूर्व हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले शिक्षक राजेश कुमार रोहित और सुशील कुमार की स्मृति में कैंडल मार्च निकाला। गांव की मुख्य सड़क से शुरू हुए इस शांतिपूर्ण कैंडल मार्च में शिक्षक समाज, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएँ, ग्रामीण तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने हाथों में मोमबत्ती जलाकर मौन व्रत रखा और दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मार्च में श्री राष्ट्रीय राजपूत करनी सेना के प्रदेश महासचिव रजनीश कुमार सिंह, मुखिया मनोज कुमार, कपिल कुमार मोतीलाल, कन्हैया, वाल्मीकि, मंडल, रंजीत कुमार पिंटू समेत सैकड़ों गणमान्य लोग शामिल रहे। मौन जुलूस गांव के विभिन्न हिस्सों से गुजरता हुआ उस स्थान पर पहुँचा, जहाँ दोनों शिक्षक अक्सर लोगों को शिक्षा और सेवा के लिए प्रेरित करते थे। उपस्थित लोगों ने कहा कि दोनों शिक्षक न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत थे और उनकी अचानक मौत से शिक्षा जगत को गहरा आघात पहुँचा है।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान ग्रामीणों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दोनों दिवंगत शिक्षकों की आत्मा को शांति मिले और शोक से भरे परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान हो। कई लोगों ने यह भी कहा कि सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन को क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ न घटें।


