नवगछिया: रंगरा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके के चापर ढाला के पास एनएच 31 पर रविवार की देर रात सड़क दुर्घटना में हुई मौत के मामले में मृतक की पहचान पूर्णिया जिला रुपौली थाना क्षेत्र के आजो कप्पा गांव निवासी ग्रामीण चिकित्सक अजय कुमार सिंह के रूप में हुई। परिजनों को घटना की जानकारी रविवार की देर रात रंगरा पुलिस ने फोन से दी। परिजनों ने बताया कि मृतक युवक अपने दो दोस्तों को मोटरसाइकिल से छोड़ने भागलपुर जा रहा था। जब वे घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तो वहां साथ गए दोनों युवक नहीं थे। जिनके साथ अजय गए थे, न ही वे अस्पताल आए, और न ही उनके बारे में कोई सूचना मिली।
उनका मोबाइल भी बंद आ रहा है। मृतक अजय कुमार सिंह पेशे से ग्रामीण चिकित्सक थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। परिजनों का कहना है कि वह रविवार की रात लगभग नौ बजे घर से निकले थे। वह बाइक से भागलपुर स्टेशन दो लोगों को छोड़ने जा रहे थे। परिजन उन्हें कार से भेजने के पक्ष में थे और किराया भी देने को तैयार थे, लेकिन साथ जा रहे दोनों युवकों के आग्रह पर अजय बाइक से ही निकल पड़े। रंगरा थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि यातायात थाना में सड़क दुर्घटना में मौत का मामला दर्ज किया गया है। वहीं यातायात थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
युवकों पर जताया हत्या की आशंका परिजनों को संदेह है कि यदि बाइक पर तीन लोग सवार थे, तो हादसे के बाद बचे दोनों युवक कहां चले गए। इस बिंदु को लेकर मृतक के स्वजनों ने पूरे मामले को संदेहास्पद बताया है और आशंका जताई है कि यह सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि कोई सुनियोजित साजिश भी हो सकती है। वहीं बाइक पर सवार अन्य दो लोग जो गांव से उनके साथ थे, उनके और मृतक अजय के बीच में लाखों रुपये का लेनदेन भी है अजय ने पैसे की भी कई बार मांग की है। घटना के बाद शव को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम हुआ। परिजनों ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके।


