नवगछिया क्षेत्र में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक 10वीं के छात्र की मौत हो गई, जबकि टोटो पलटने से छह छात्र घायल हो गए। इन घटनाओं से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।

पहली घटना कदवा थाना क्षेत्र के पकरा बासा गांव के पास हुई, जहां ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार छात्र की जान चली गई। मृतक की पहचान भरोसा सिंह टोला, कदवा निवासी बंटी कुमार (18) के रूप में हुई है, जो जयकिशोर साह का पुत्र था और 10वीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार बंटी किसी काम से बाइक से नवगछिया बाजार जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक और मालिक की तलाश की जा रही है। बंटी के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वह दो भाइयों में छोटा था।

दूसरी घटना रंगरा थाना क्षेत्र के कुमादपुर चौक के पास हुई, जहां छात्रों से भरा टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टोटो पर सवार छह छात्र घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी छात्र तेज नारायण हाईस्कूल के हैं और टीएलएम मेला में शामिल होने के लिए मुरली हाईस्कूल जा रहे थे। बताया गया कि टोटो पर 12 से 15 छात्र सवार थे। घायलों को इलाज के लिए रंगरा पीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कार्तिक कुमार को नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके कंधे की हड्डी टूटने की पुष्टि की।

घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं स्कूल के प्रधानाचार्य पवन कुमार ने बताया कि टोटो पर 5 से 6 छात्र ही सवार थे और एक छात्र के कंधे की हड्डी टूटने की सूचना मिली है, जिसका इलाज कराया जा रहा है। दोनों ही मामलों में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *