नवगछिया : प्रखंड के बलहा गांव में वार्ड सात के चौराहा पर सोमवार की दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे एक अज्ञात अपराधी ने ग्लोबल ऑनलाइन सर्विस सेंटर संचालक हिमांशु कुमार से हथियार की नोक पर सत्तर हजार रुपये लूट लिए। सूचना मिलने पर भवानीपुर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी और अपराधी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
संचालक हिमांशु कुमार, अधिवक्ता सीताराम सिंह का पुत्र है। उन्होंने बताया कि एक अपराधी हाफ पेंट और नीली टी-शर्ट पहने, कंधे पर लाल गमछा रखे आया। थ्री नॉट सटाकर गल्ले में रखे सत्तर हजार रुपये ले लिए और हल्ला करने पर थ्री नॉट तानकर बलहा पंचायत भवन से उत्तर की ओर भाग गया। संचालक ने इस घटना की लिखित शिकायत भवानीपुर थाना में की।
ग्रामीण के अनुसार, वह ऑनलाइन सेंटर पर सभी बैंकों का लेनदेन करता था, और अपराधी संभवतः ग्रामीण ही था। उसकी उम्र लगभग 25 से 26 साल के बीच थी। भवानीपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर महेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।


