नवगछिया: झंडापुर थाना क्षेत्र में खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार बताते हुए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और सरकारी मुआवजे की मांग की है।

मृतक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के शेख टोला निवासी 37 वर्षीय मोहम्मद साबिर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह वह बगरी पुल के समीप स्थित खेत की ओर गए थे। इसी दौरान खेत में पहले से गिरे 11 हजार वोल्ट के बिजली के तार की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि यह हाई वोल्टेज तार करीब 15 दिनों से खेत में टूटा पड़ा था। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी थी, लेकिन न तो तार हटाया गया और न ही बिजली आपूर्ति बंद करने की कोई कार्रवाई की गई। यदि समय रहते विभाग ने कार्रवाई की होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

बताया जाता है कि मोहम्मद साबिर अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी रुखसाना खातून, चार बेटे और एक बेटी हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने सरकार से आर्थिक सहायता और बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

झंडापुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदन और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *