नवगछिया  | कदवा थाना की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 किलो गांजा के साथ दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के कोलवारा निवासी संतोष कुमार और मधेपुरा जिले के फुलोत निवासी मंटू सिंह के रूप में की गई है।

कदवा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि मधेपुरा जिले से भारी मात्रा में गांजा लेकर एक स्कॉर्पियो वाहन बाबा बिसुराउत सेतु पहुंच पथ के रास्ते नवगछिया की ओर जाने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ने वरीय पुलिस पदाधिकारियों को अवगत कराया और थाना चौक के समीप वाहन जांच अभियान शुरू कराया।

इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गश्ती वाहन की मदद से पीछा कर कुछ ही दूरी पर स्कॉर्पियो को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर 200 किलो गांजा बरामद हुआ, जबकि मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने गांजा और स्कॉर्पियो को जब्त करते हुए दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में कदवा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों गिरफ्तार तस्करों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर नवगछिया के पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार कदवा थाना पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की। एसपी ने बरामदगी और गिरफ्तारी की कार्रवाई की सराहना करते हुए तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *