रंगरा ओपी क्षेत्र में एनएच-31 पर चापर ढाला के समीप शनिवार देर रात बारात जा रहे दो युवकों को ट्रक ने रौंद दिया। युवकों की पहचान पूर्णिया के रुपौली थाना क्षेत्र निवासी के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घटना के बारे में बताया। घटना के बाद से परिवार में शादी की खुशी मातम में बदल गयी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

Whatsapp group Join

पुलिस ने बताया कि दोनों युवक पूर्णिया जिले के रुपौली थाना क्षेत्र के ओझा कुप्पा निवासी चंदन कुमार (25) पिता स्व. दिनेश महलदार एवं मोनू कुमार (26) पिता माधव महलदार था। घटना की सूचना पर रविवार दोपहर रंगरा थाना पहुंचे परिजनों ने बताया कि मोनू के चचेरे भाई पिंटू कुमार की शादी रंगरा ओपी के साधुवा चापर गांव में थी। उसी में शामिल होने के लिए एक बाइक से दोनों आ रहे थे।

देर रात सभी लोग बारात पहुंच गये। ये दोनों पीछे रह गये थे। रास्ते में रंगरा के चापर ढाला के पास अनियंत्रित ट्रक ने उसकी बाइक को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। सूचना पर रंगरा पुलिस दोनों शव को थाना ले आयी। देर रात दुर्घटना होने के कारण बारात आये लोगों को घटना का पता भी नहीं चला। रविवार सुबह जब साधुवा चापर में शादी की रस्म पूरी हो गयी तो मोनू और चंदन की खोज होने लगी। लेकिन उसका कोई आता पता नहीं चला। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा हादसे में दो युवकों की मौत होने की जानकारी बारात आये लोगों को दी गयी। इसके बाद उनके परिजन रंगरा थाना पहुचे और शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में कराकर परिजनों को सौप दिया।

शादी की खुशी मातम में बदली

हादसे की जानकारी के बाद शादी का उत्साह पल भर में मातम में बदल गया। एक साथ दो युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से साधुवा चापर गांव में भी मातमी सन्नाटा छा गया। परिजनों ने बताया कि मोनू कुमार की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी। उसे एक पुत्री भी है। वहीं चंदन कुमार की शादी अभी नहीं हुई थी। दोनों की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *