नवगछिया अनुमंडल के नवगछिया प्रखंड में दो पैक्स का चुनाव और मतगणना बुधवार देर रात संपन्न हुआ। इस पैक्स चुनाव में खैरपुर कदवा पैक्स के सोनी देवी निर्वाचित हुई हैं। वहीं ढोलबज्जा पैक्स के पैक्स अध्यक्ष पद पर अजीत कुमार निर्वाचित हुऐ। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्षों को प्रमाण पत्र दिया। वहीं इस्माईलपुर प्रखंड के कमलाकुंड पंचायत में पैक्स में सरवन कुमार यादव अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
नवगछिया के गोपालपुर क्षेत्र अंतर्गत बाबूटोला कमलाकुंड पैक्स के अध्यक्ष पद के चुनाव में सुमिकी देवी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजकिशोर मंडल को 175 मतों के अंतर से पराजित किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 1100 मतदाताओं में से 531 मतदाताओं ने मतदान में भाग लिया। चुनाव परिणाम में सुमिकी देवी को 353 मत प्राप्त हुए, जिससे उन्होंने स्पष्ट बढ़त बनाते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
नारायणपुर प्रखंड के आशाटोल पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव में अनुव्रत कुमार ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पंकज शर्मा को 79 मतों के अंतर से पराजित किया।

बुधवार को रायपुर उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। इसके बाद प्रखंड कार्यालय परिसर में शाम 7 बजे से मतगणना शुरू की गई।
मतगणना में अनुव्रत कुमार को कुल 456 मत प्राप्त हुए, जबकि पंकज शर्मा को 377 मत मिले। अन्य उम्मीदवारों में शालिग्राम को 331 और उदय शर्मा को 106 मत प्राप्त हुए। वहीं, कुल 72 मत रद्द घोषित किए गए।
इस चुनाव में कुल 1342 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जीत के बाद अनुव्रत कुमार को बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी खुशबू कुमारी द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। जीत के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया।

