पूर्णिया : बिहार में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही है। टीकापट्टी थाना क्षेत्र स्थित गोरियर हाईस्कूल के समीप मंगलवार को एक स्कार्पियो चालक से 21 लाख की डकैती कर ली गई। पांच बाइकों पर सवार सात-आठ हथियारबंद अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। स्कार्पियो चालक खगडिय़ा व मधेपुरा के चार मवेशी व्यापारियों के रुपये लेकर पूर्णिया जा रहा था। घटना के दौरान अपराधियों के तेवर देखकर स्थानीय लोग भी घरों में दुबक गए।
Total Downloads: 93
जानकारी के अनुसार रूपौली थाना क्षेत्र की चपहरी मवेशी हाट में मवेशी खरीदने खगडिय़ा व मधेपुरा से चार व्यापारी पहुंचे थे। इन्हीं व्यापारियों के पैसे लेकर खगडिया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र स्थित मुरली गांव से स्कार्पियो चालक मु. सोनू आ रहा था। चालक सोनू खगडिय़ा के कड़वामोड़ के मवेशी व्यापारी मु. इमरान का साला बताया जा रहा है। टीकापट्टी थाना क्षेत्र के गोडियर हाईस्कूल के पास अपराधियों ने वाहन रोक लिया। पिस्टल के बल पर चालक से 21 लाख रुपये छीनकर अपराधी फरार हो गए। अपराधियों ने व्यापारियों के साथ मारपीट भी की है।

घटना की सूचना मिलते ही धमदाहा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रमेश कुमार सहित कटिहार जिले के पोठिया ओपी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की। गोडियर के ग्रामीणों एवं पीडि़त चालक मु. सोनू ने बताया कि फिल्मी स्टाइल में इस घटना को अंजाम दिया गया। अपराधियों ने पहले चालक का गेट खोलकर गाड़ी की चाबी अपने कब्जे में ले ली। चालक का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।
इसके बाद अपराधी रुपये लेकर चपहरी मवेशी हाट की ओर फरार हो गए। मामले में टीकापट्टी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि चालक ने 21 लाख रुपये लूटे जाने की बात बताई है। जल्द ही मामले का उद्भेदन कर दिया जाएगा। इस के विरोध में लोगों ने पुलिस पर गुस्सा निकाला। पुलिस ने कहा कि शीघ्र ही आपरोपित पकड़े जाएंगे।
input : Jagran

