भागलपुर, कोई बड़ा लक्ष्य हासिल करना हो। खुद को टॉप पर देखना हो या अपने शहर को नंबर वन बनाने की सोच हो तो एक बात हमेशा दिमाग में आती है। क्या यह संभव है। क्या इतने बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। कोई रुकावट तो नहीं आएगी। कोई समस्या तो नहीं उत्पन्न हो जायेगी। ऐसे समय में अपने इतिहास को पलटना जरूरी हो जाता है। अपने अतीत में देखना होता है। खासकर जब अंग की धरती पर रह रहे हों तो ऐसा करना और भी जरूरी है क्योंकि यह धरती खास है। यह चंपा की धरती है, जो विश्व का पहला नगर था। यह विक्रमशिला की धरती है जहां के आचार्य और विद्वानों की पूरे विश्व में अलग पहचान थी।
Total Downloads: 198
ये शब्द थे आईपीएस विकास वैभव के। रविवार को शहर के एक होटल में आओ प्रेरित करें बिहार (लेट्स इंस्पायर बिहार) मुहिम के तहत युवा संवाद में वे अपनी बात रख रहे थे। गृह विभाग के विशेष सचिव ने कहा कि अंग की धरती पर पहले जब इतना कुछ हो चुका है तो उसी धरती पर रहने वाले आज के युवा भी किसी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
आपकी सोच जब समाज की बन जाये तो विकास का मार्ग प्रशस्त होता है
आईपीएस बनने के बाद भागलपुर में ट्रेनिंग लेने और यहीं पर लगभग पौने तीन साल तक डीआईजी रहे विकास वैभव ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी और आपकी सोच जब समाज की सोच बन जाये तो उस समाज का विकास निश्चित ही होगा। उन्होंने कहा कि आज समाज में कई ऐसे लोग हैं जो लोगों को जोड़ने की जगह तोड़ने में लगे हैं।

उनका कहना था कि एक दूसरे को जोड़ने और सहयोग की भावना रहने से समाज की तरक्की संभव है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि प्राचीन काल में आपसी सहयोग की भावना खत्म होने से ही वैशाली का पतन हुआ था। उन्होंने अपील की कि आज के युवा को यह बताना जरूरी है कि वे क्या थे। उन्होंने कहा कि लेट्स इंस्पायर बिहार मुहिम के तहत वे लोगों को जोड़ने का ही काम कर रहे हैं। उनका कहना था कि यह मुहिम पिछले साल 22 मार्च को शुरू हुई थी जो राज्य के कई जिलों तक पहुंच चुका है। इससे हजारों और लाखों की संख्या में लोग जुड़ते जा रहे हैं।
इनकी भी थी उपस्थिति, रखी अपनी बात
युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान अंशु सिंह, बंटी यादव, स्वेता सुमन, अरुणिमा सिंह, सुमन सोनी आदि ने भी अपनी बात रखी। अंशु सिंह ने इस मौके पर कहा कि इस मुहिम और विकास वैभव के व्यक्तित्व को देखकर ही उन्होंने जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया था। कार्यक्रम के दौरान अमित, अंकित, पूर्णेंदु सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे। युवा छात्र-छात्राओं ने विकास वैभव से बात की और कॅरियर को लेकर टिप्स भी लिये।
