भागलपुर : इशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर 12 के पास रहने वाले राजकमल चौधरी के घर घुसकर शनिवार की रात मोबाइल चोरी कर भाग रहे पास के ही करकू को लोगों ने दौड़ाकर उसके घर के पास पकड़ लिया और मोबाइल बरामद कर लिया। इसी दौरान करकू के घरवाले उन लोगों से भिड़ गये। पुलिस ने करकू को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
राजकमल के परिजनों का कहना है कि शनिवार की रात घर में घुसकर मोबाइल चोरी कर करकू भागने लगा तो उसके पीछे लोग दौड़े। घर के पास पहुंचे तो घरवालों ने मारपीट शुरू कर दी पर लोगों ने उससे मोबाइल ले लिया। राजकमल के परिजनों का कहना है कि उसने घर से मोबाइल के साथ 65 हजार रुपये और कान का टॉप भी चोरी किया था,

जो बरामद नहीं किया जा सका है। वहीं पास में रहने वाली आशा देवी ने भी करकू पर आरोप लगाया कि उसने उसके घर से सिलेंडर उठाने की कोशिश की पर भारी होने की वजह से वह नहीं ले जा सका। आशा देवी ने उस पर घर से 15 हजार चोरी करने का आरोप लगाया है। करकू पहले भी जेल जा चुका है। इशाकचक इंस्पेक्टर ने बताया कि वह चोरी और अन्य केस में जेल जा चुका है।


