भागलपुर : एकचारी दियारा थाना क्षेत्र के गंगा पार रानीदियारा क्षेत्र के झुरबन्नी बहियार से एसटीएफ की टीम ने पीरपैंती पुलिस के सहयोग से सोमवार की देर रात्रि छापेमारी कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस मिले हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गंगा पार रानीदियारा के झुरबन्नी बहियार स्थित दिनेश यादव के बासा पर भारी मात्रा में अवैध हथियार एवं कारतूस के साथ अपराधियों का जमवाड़ा लगा है। दिनेश यादव गिरोह के ये अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक ने इसके लिए टीम गठित की। गठित टीम में पुलिस इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एकचारी थानाध्यक्ष ज्योतिष कुमार, बुधुचक थानाध्यक्ष परमेश्वर पासवान सहित पुलिस अंचल क्षेत्र के पीरपैंती, इशीपुर और शिवनारायणपुर के पुलिस पदाधिकारी पुलिस बल एवं सैप जवानों के साथ नाव से गंगा पार कर रानी दियारा झुरबन्नी बहियार पहुंचे। इसके बाद दिनेश यादव के बासा पर छापेमारी कर उसके गिरोह के पप्पू मंडल, जुल्मी मंडल एवं अखिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। फूस से बने बासा में सभी साजिश रच रहे थे तभी एसटीएफ ने धावा बोल दिया।

बासा से एक राइफल, एक दोनाली बंदूक, एक एकनाली बंदूक, चार अठारह इंच के मास्केट, एक कट्टा के साथ 12 बोर के 29 कारतूस, प्वॉइंट 315 बोर के 25 कारतूस तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार पप्पू मंडल एवं जुल्मी मंडल रानीदियारा के निवासी हैं। जबकि अखिलेश यादव पुराना रानी दियारा एवं हाल चांदनी चौक निवासी है। पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर अन्य अपराधियों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। दिनेश यादव की गिरफ्तारी को लेकर अंतीचक थाना क्षेत्र के चांदनी चौक में छापेमारी की गई परंतु वह नहीं मिला। दिनेश की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी जारी है।

उन्होंने बताया कि कुख्यात दिनेश यादव गंगा पार रानीदियारा में किसानों की फसलों को लूटने सहित वर्चस्व की लड़ाई को लेकर गैंगवार में सक्रिय है। उसका गैंग दियारा क्षेत्र के दुर्गमता का लाभ उठाते हुए अपना वर्चस्व कायम कर रहा था और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता था। गंगा पार रानी दियारा दियारा में दिनेश यादव नया गिरोह का संचालन कर रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *