राजद में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। भागलपुर में युवा राजद के दो जिलाध्यक्ष को हटा दिया गया है। भागलपुर और नवगछिया के दोनों जिलाध्यक्ष को सिर्फ कतरनी चूड़ा नहीं भेजने पर हटा दिया। भागलपुर और नवगछिया के युवा राजद अध्यक्ष ने युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष कारी सोहेब, प्रदेश प्रवक्ता अरुण यादव समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाया। भागलपुर के युवा राजद अध्यक्ष अशफाक आलम और नवगछिया के युवा जिला अध्यक्ष कांतेश कुमार उर्फ टीनू यादव ने पीसी कर कहा कि युवा प्रदेश अध्यक्ष कई बार कतरनी चूड़ा दिल्ली और पटना मंगवाया। साथ ही भागलपुर से कपड़ा और रुपए की भी मांग की। जब इसका विरोध किया तो उन्हें हटाने की धमकी दी जाने लगी।
Total Downloads: 189

शनिवार को राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने दोनों को किया पदमुक्त
दोनों जिलाध्यक्ष ने बताया कि शनिवार को राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने निष्क्रियता के आरोप में युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष की अनुशंसा पर पदमुक्त करने का पत्र जारी किया था। दोनों पर आरोप है कि जब से जिला अध्यक्ष बने तब से जिला कमेटी का विस्तार नहीं किया और ना ही प्रखंड अध्यक्ष बनाया।

युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप किया खंडन
प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने कहा कि दोनों लोगों को शीर्ष नेतृत्व ने सक्रिय नहीं रहने के कारण पदमुक्त किया है। पार्टी का निर्णय सर्वोपरि होता है। उनके द्वारा पार्टी नेताओं के ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। यदि उनकी कुछ मांग है तो पार्टी फोरम में रख सकते हैं। गलत बयानबाजी कर वे पार्टी विरोधी कार्य कर रहे हैं।
