भागलपुर में संदिग्ध स्थिति में 17 लोगों की मौत व मिल रहीं शराब की बोतलें के बीच विधायक गोपाल मंडल ने सोमवार को कहा कि जबतक चौकीदार और थानेदार नहीं सुधरेगा, शराबबंदी सफल नहीं होगी। सरकार के निर्देशों का पालन प्रशासन नहीं कर रहा है। सोमवार को गोपालपुर के जदयू विधायक गोपाल मंडल ने प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे सिस्टम पर सवाल उठाते हुए डीआईजी और एसएसपी से मांग की कि चौकीदार और थानेदार को सुधारिए। यह सरकार को बदनाम करने की साजिश है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Total Downloads: 167
मौत के सवाल पर विधायक ने कहा कि लोग खुद अपनी गलती से जान दे रहे हैं तो कोई उसे कैसे रोकेगा। सरकार ने पूर्णरूपेण दारू का ठेका बंद कर दिया है। विधायक ने लोगों से अपील की है कि शराब पीना छोड़ दें, यह जान ले लेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दबाव में काम नहीं करते हैं। उन्होंने काजवलीचक धमाके पर कहा कि यह धमाका पटाखे का नहीं, बम का था। किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश थी। पुलिस को उन बिंदुओं पर भी जांच करनी चाहिए।
एनएच 80 पर पानी का हो छिड़काव, वरना देंगे धरना
विधायक ने कहा कि एनएच 80 पर उड़ रही धूल की वजह से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। लोगों में खांसी, दमा की बीमारी बढ़ रही है। रविवार को कहलगांव जाने के क्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्या सुनायी। तत्काल जिलाधिकारी को फोन कर मांग की कि एनएच पर नियमित पानी का छिड़काव कराएं। एनटीपीसी के जीएम से भी इसको लेकर बात हुई है। दो से तीन दिनों में अगर एनएच 80 पर पानी का छिड़काव नहीं हुआ तो धरने पर बैठ जाएंगे। उन्होंने सांसद और स्थानीय विधायक को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सभी अपनी कुर्सी बचाने में लगे है।

निजी अस्पताल संचालक लूट रहे पैसे
विधायक गोपाल मंडल ने कहा कि मरीजों से पैसे लूटने के बाद जब उसकी स्थिति गंभीर हो जाती है तो उसे मायागंज रेफर कर देते हैं। स्वास्थ्य मंत्री से इसकी शिकायत कर निदान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई नहीं हो रही है। टीएमबीयू में स्थायी कुलपति नहीं होने से छात्रों की समस्या दूर नहीं हो पा रही है। छात्र संगठनों द्वारा उनके नाम का गलत प्रयोग करने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की।
जीरोमाइल पर बने चबूतरे को कम किया जाए
उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि जीरोमाइल चौक स्थित वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा के चतूबरे को कम किया जाए, ताकि गोलंबर के पास ट्रैफिक आसानी से निकल पाए। चबूतरा अधिक होने की वजह से जीरोमाइल पर जाम की समस्या बनी रहती है।
