जिले में बाढ़ के कारण कई स्कूलों और कॉलेजों में पानी घुस गया है। इसके कारण 120 स्कूलों को बंद कर दिया गया है। इन स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक की अर्धवार्षिक परीक्षा भी स्थगित कर दी गई है।

अभी कई स्कूल ऐसे हैं जहां थोड़ा पानी घुसा है, वहां पढ़ाई जारी है लेकिन जलस्तर बढ़ने पर इन स्कूलों को भी बंद किया जा सकता है। जिला शिक्षा पदाधिकारी मधुसूदन पासवान ने कहा कि इस्माईलपुर के करीब 80 स्कूल, गोपालपुर स्थित सैदपुर के 15, सबौर के 15, कहलगांव के चार व नवगछिया के छह स्कूलों को पानी घुसने के कारण बंद कर दिए जाने की सूचना है। इन स्कूलों के शिक्षकों को कहीं बाढ़ की ड्यूटी में लगाया जा सकता है।

ट्रिपल आईटी में सामान हटाए गए : ट्रिपल आईटी का भवन भले ही करीब तीन फीट ऊंचा हो लेकिन उसके भी आखिरी सीढ़ी से नीचे तक पानी पहुंच गया है। वहां भी सामानों को शिक्षकों और कर्मचारियों ने ऊपर चढ़ा दिया है कॉलेज में आठ अक्टूबर तक छात्रों की छुट्टी कर दी गई है। सोमवार को शिक्षकों ने निदेशक के आवास पर जाकर कामकाज किया।

टीएमबीयू के मुख्य प्रशासनिक भवन तक पहुंचा पानी : टीएमबीयू के मुख्य प्रशासनिक भवन के पास तक सड़क पर बाढ़ का पानी आ गया है। इसके कारण प्रशासनिक भवन जाने में सोमवार को लोगों को काफी परेशानी हुई।

इंजीनियरिंग कॉलेज के मुख्य भवन में घुसा पानी : इंजीनियरिंग कॉलेज के परिसर में तो पहले ही बाढ़ का पानी घुस गया था लेकिन मुख्य भवन में सोमवार की सुबह पानी घुस गया। यहां पानी घुसने के कारण कई भारी मशीनें डूबने लगी हैं। प्राचार्या कार्यालय, लाइब्रेरी, मशीन लैब, कंप्यूटर साइंस लैब आदि जगहों पर पानी घुस गया है। कंप्यूटर सहित अन्य कई सामानों को पहली मंजिल पर कर दिया गाय है ताकि पानी बढ़ने पर भी ये बर्बाद नहीं हो सकें। कॉलेज में कक्षाओं को 10 अक्टूबर तक स्थगित कर दिया गया है। कार्यालय बंद नहीं है लेकिन प्राचार्य सहित अन्य कार्यालयों में पानी घुस जाने के कारण सोमवार को यहां से फाइलें हटा दी गईं। प्राचार्य के आवास पर कामकाज किया गया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *