विक्रमशिला पुल पर लगातार जाम को देखते हुए भागलपुर जीरोमाइल से लेकर नवगछिया जीरोमाइल तक नो ओवरटेक जोन घोषित किया गया है। इसको लेकर प्रमंडलीय आयुक्त दयानिधान पांडेय ने बुधवार को आदेश जारी किया है। ओवरटेक करने वाली गाड़ियों को जुर्माना किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
Total Downloads: 165
आयुक्त के सचिव मो.वारिस खान ने बताया कि विक्रमशिला पुल पर अक्सर जाम लगने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जाम का मुख्य कारण ओवरटेक माना जा रहा है। इसको देखते हुए आयुक्त द्वारा बुधवार को नो ओवरटेक जोन घोषित किया गया है। डीएम,भागलपुर एसएसपी, नवगछिया एसपी और जिला परिवहन पदाधिकारी को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया है। प्रतिदिन जुर्माना से संबंधित प्रतिवेदन आयुक्त द्वारा मांगा गया है। उन्होंने बताया कि ओवरटेक करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना करने का निर्देश दिया गया है। इसके तहत एक हजार से पांच हजार रुपये तक जुर्माना का प्रावधान है।
ओवरटेक करते पकड़े जाने पर तत्काल जुर्माना देने पर एक हजार रुपया लिया जाएगा। अगर कोई बाद में जुर्मना देगा तो उससे पांच हजार रुपये वसूलने का प्रावधान किया गया है। आयुक्त के सचिव ने बताया कि अक्सर देखा जा रहा है कि अगर कोई गाड़ी खराब होती है तो क्रेन के पहुंचने में काफी मशक्कत करना पड़ता है। ओवरटेक के चलते पहले से पुल पूरा जाम रहता है। खराब गाड़ी को क्रेन से उठाने में काफी समय लग जाता है। ओवरटेक की निगरानी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा की जाएगी। पथ निर्माण विभाग और पुल निर्माण विभाग के इंजीनियर को सड़क के बीच में चिन्ह लगाने का निर्देश दिया गया है। ताकि गाड़ियां ओवरटेक नहीं कर सके।

नियमित अतिक्रमण हटाने का निर्देश
आयुक्त की अध्यक्षता में बुधवार को अतिक्रमण की समीक्षा की गयी। आयुक्त ने जिला प्रशासन और नगर निगम को नियमित रूप से अभियान चलाने का निर्देश दिया। आयुक्त के सचिव ने बताया कि एसडीओ और पुलिस पदाधिकारी नियमित अभियान चलायेंगे। अतिक्रमण पाये जाने पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जिस क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया है। उसकी नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया। नगर निगम को भी अभियान को जारी रखने को कहा गया है। बैठक में डीएम सुब्रत कुमार सेन,नवगछिया एसपी एसके सरोज के अलावा नगर निगम के पदाधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
