भागलपुर. बरारी पुलिस ने रविवार शाम विक्रमशिला पुल पर मुजफ्फरपुर नंबर की एक स्कार्पियो गाड़ी से 1820 पाउच देसी शराब जब्त की है। पुलिस को देख ड्राइवर गाड़ी रोक कर विक्रमशिला पुल से कूद गया, जिसमें वह जख्मी हो गया। पुलिस ने जख्मी ड्राइवर और गाड़ी में बैठे एक अन्य तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक भागने में सफल रहा।
Total Downloads: 115
गिरफ्तार ड्राइवर की पहचान मधेपुरा के मोहरानाड़ी निवासी नीतीश उर्फ आशीष यादव और उसका साथी गणेश स्थान निवासी चीकू कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने जख्मी ड्राइवर को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया है। जांच में ड्राइवर के शराब पीने की पुष्टि हुई है। उसके पैर और कमर की हड्डी टूट गई है। देसी शराब की उक्त खेप दुमका से कुरसेला ले जाई जा रही थी। इसकी सूचना बरारी पुलिस को पहले ही मिल गई थी और थानेदार सुनील कुमार झा पुल पर गाड़ियों की जांच करने लगे।

सहयोग में बरारी थानेदार ने डीआईयू प्रभारी संजय कुमार सत्यार्थी, जीरोमाइल थानेदार राजरतन व टीओपी प्रभारी संतोष शर्मा को भी बुला लिया। पुलिस को देख शराब से लदी स्कार्पियो को लेकर ड्राइवर बैक गियर लगा कर पीछे भगाने लगा। थानेेदारों ने गाड़ी का पीछा किया तो ड्राइवर गाड़ी को पुल से नीचे गिराने की कोशिश करने लगा। लेकिन रेलिंग के कारण गाड़ी नीचे नहीं गिरी तो ड्राइवर गाड़ी रोक कर उतर गया और रेलिंग पर चढ़ कर सीधे पुल से नीचे कूद गया।
वह गंगा नदी में न गिरकर सूखी जमीन पर ही गिर गया था। इस कारण उसे चोट आई। पुलिस ने भी तत्परता दिखाई और चोटिल ड्राइवर को पकड़ लिया। उधर, गाड़ी में बैठे चिकू को भी गिरफ्तार किया। जब्त स्कार्पियो मंजय कुमार चौधरी के नाम से रजिस्टर्ड है। पुलिस ने जब्त स्कार्पियो की जांच की तो उसमें कार्टन में रखी शराब बरामद हुई।

भागलपुर के उत्तम सिंह ने उपलब्ध कराई थी गाड़ी
गिरफ्तार ड्राइवर ने बताया कि भागलपुर के उत्तम सिंह ने उक्त स्कार्पियो गाड़ी उपलब्ध कराई थी। शराब की खेप को दुमका से कुरसेला ले जाना था। इस एवज में दस हजार रुपए मिले थे। इसमें पांच हजार मुझे मिलते और पांच हजार चिकू को। दुमका में उसे शराब भी पिलाई गई। इस कारण नशे में वह गाड़ी रोक कर विक्रमशिला पुल से कूद गया। गाड़ी में उसके और चिकू के अलावा उत्तम सिंह का भी एक अादमी बैठा था, जो गाड़ी रोकते ही भाग निकला।

