भागलपुर। मधुसूदनपुर (नाथनगर) के दिग्घी रोड में करेला स्थित गैस गोदाम के पास शुक्रवार को बदमाशों ने दिग्घी निवासी सिल्क कारोबारी सार्जन मंडल (45) की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पत्‍‌नी विमली देवी के बयान पर पंकज मंडल को नामजद करते हुए दो के खिलाफ मधुसूदनपुर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। सार्जन घर पर सिल्क के कपड़े तैयार करता था। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

सार्जन अपने पुत्र अखिलेश, मिथिलेश और पुत्री आंचल को स्कूल पहुंचा कर सुबह साढ़े सात बजे साइकिल से अपना घर लौट रहा था। करेला स्थित गैस गोदाम के पास पहुंचने पर बदमाशों ने सार्जन को सिर में गोली मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर अवस्था में सार्जन को जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सार्जन ने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार वर्ष 1995 में दिग्घी के ही पंकज मंडल के पिता रमेश मंडल की हत्या कर दी गई थी। इस घटना में सार्जन को आरोपित बनाया गया था। सार्जन को रमेश की हत्या में सजा भी हुई थी। वर्ष 2001 में हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर सार्जन जेल से बाहर निकला था।

मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष नसीम खान के अनुसार जेल से बाहर निकलने के तीन महीने बाद सार्जन को किसी ने गोली मारकर जख्मी कर दिया था। तीन दिन पूर्व सार्जन का पंकज से विवाद हुआ था। परिजन का कहना है कि पंकज ने मार देने की धमकी भी दी थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित पंकज और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *