पॉलिटेक्निक परीक्षा के तीसरे दिन बुधवार को इंजीनियरिंग कॉलेज केंद्र पर दूसरे के बदले परीक्षा दे रहे दो छात्र पकड़े गए। दोनों को जीरोमाइल पुलिस के हवाले कर दिया गया। परीक्षा के पहले दिन सोमवार को पहली पाली में चार व दूसरी पाली में 22 छात्रों को नकल करते पकड़ा गया था। मंगलवार को परीक्षा के दूसरे दिन भी नौ छात्रों को कदाचार के आरोप में निष्कासित कर दिया गया था।
बुधवार सुबह पर्ची के साथ कोई धराया तो नहीं, लेकिन बायोमीट्रिक्स पहचान के जरिये दो छात्रों को दूसरे के बदले परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. निर्मल कुमार ने बताया कि पहली पाली में ही बायोमीट्रिक्स के जरिये सही छात्रों की पहचान करने का फैसला लिया गया था।

इसके तहत मशीन मगाकर जांच की गई तो पहली पाली में सोनू कुमार की जगह नवगछिया का रहने वाला मनोज कुमार परीक्षा देते पाया गया। वहीं दूसरी पाली में सचिन कुमार की जगह मधेपुरा का रहने वाला पप्पू कुमार परीक्षा देते पकड़ाया। पूछताछ में मनोज कुमार ने बताया वह सिर्फ मैट्रिक पास है, जबकि पप्पू कुमार 2015 में ही पॉलिटेक्निक की परीक्षा पास कर चुका है। जीरोमाइल थानाध्यक्ष ने बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज के केन्द्राधीक्षक के आवेदन पर थाने में केस दर्ज कर दोनों को जेल भेजा जाएगा।


