बैंक में पैसा जमा कराने जा रहे व्यवसायी के कर्मी से सोमवार को दिनदहाड़े भीड़ भरे बाजार में बदमाशों ने ढाई लाख रुपये लूट लिये। घटना दिन के सवा ग्यारह बजे हुई। मिली जानकारी के अनुसार महावीर चौक स्थित गुप्ता ब्रदर्र्स के दो कर्मचारी विनोद और शंकर कुछ ही दूरी पर स्थित कॉरपोरेशन बैंक शाखा में साइकिल से रुपये जमा करने जा रहे थे।
Total Downloads: 85
साइकिल विनोद चला रहा था और शंकर रुपये से भरा झोला लेकर पीछे बैठा था। बैंक से कुछ कदम पूर्व घात लगाए दो बदमाशों ने हथियार दिखाते हुए उससे रुपये से भरा झोला छीन लिया और सड़क की दूसरी ओर पूर्व से मौजूद एक साथी की बाइक पर बैठकर फरार हो गये। घटना के बाद दोनों कर्मियों ने अपने मालिक गुप्ता ब्रदर्स के संचालक विजय कुमार गुप्ता को फोन पर सूचना दी।

प्रतिष्ठान के मालिक सह जिला भाजपा प्रवक्ता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, सदर थानाध्यक्ष आरके सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस पदाधिकारियों ने दोनों कर्मियों से घटना की जानकारी ली और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज में लूट के बाद बाइक से भाग रहे तीनों बदमाश नजर आ रहे हैं। सदर एसडीपीओ ने कहा फुटेज के आधार पर पुलिस अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

