भागलपुर । कोतवाली थाना की महिला दारोगा के बाद एएसपी सिटी के भी कोरोना पॉजिटिव होने से हड़कंप मच गया है। मंगलवार को एएसपी सिटी की आरटीपीसीआर रिपोर्ट आई जिसमें वे पॉजिटिव पाए गए हैं। वरीय पुलिस पदाधिकारी के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद कोतवाली थाना के सभी पुलिसकर्मियों की कोरोना जांच कराई जा रही है। सभी को सतर्क किया गया है। दोनों सेंट्रल जेल में भी सतर्कता बरती जा रही है।
Total Downloads: 165
मास्क लगाने और सेनिटाइजर का इस्तेमाल करने का निर्देश
महिला दारोगा और एएसपी सिटी के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद पुलिस विभाग में सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मियों को मास्क लगाने और सेनिटाइजर का इस्तेमाल करने का वरीय अधिकारी ने निर्देश दिया है। इसके साथ ही बाहर से आए लोगों को वरीय अधिकारी से मिलने से पहले मास्क लगाना भी अनिवार्य किया गया है। सभी कार्यालयों में सेनिटाइजर की व्यवस्था की जा रही है ताकि बाहरी लोगों को उपलब्ध कराया जा सके।
पिछली बार 150 से ज्यादा पुलिस वाले हुए थे संक्रमित
पिछली लहर में काफी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित हुए थे। कोरोना संक्रमित होने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की संख्या 150 से ज्यादा थी। पुलिस मुख्यालय भी कोरोना को लेकर सतर्क है और सतर्कता बरतने को कहा गया है। कुछ ही दिनों बाद श्रावणी मेला में पदाधिकारियों और जवानों की ड्यूटी लगाई जानी है। ऐसे में सभी को सतर्क रहने को कहा गया है।

पेशी के बाद लौटे बंदियों को अलग रखा जा रहा
जेल में भी कोरोना को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। जेल से रोजाना कोर्ट में पेशी के लिए जाने और पेशी से लौटकर आने वाले बंदियों को कैंप जेल में तीन दिनों के लिए अलग रखा जा रहा है। जिनमें किसी प्रकार के लक्षण दिख रहे उनकी जेल के अंदर भी जांच कराई जा रही है। जेल अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मुलाकातियों के लिए भी मास्क पहनना और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना अनिवार्य किया गया है। मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद ही मुलाकात को लेकर कोई बदलाव किया जा सकेगा।
वर्जन
कोरोना को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। थानों में मास्क पहनना और सेनिटाइजर का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया है। जिनमें भी किसी प्रकार के लक्षण हों उन्हें तुरंत जांच करानी चाहिए।
– स्वर्ण प्रभात, एसपी सिटी
