चीन के वुहान से शुरू हुए रहस्यमय काेरोना वायरस ने अब नेपाल में दस्तक दी है। शनिवार को वहां के स्वास्थ्य एवं जनसंख्या मंत्रालय ने बताया कि चीन में पढ़ रहा नेपाल का छात्र वायरस से संक्रमित पाया गया। वह 5 जनवरी को वुहान से नेपाल लौटा है।
इधर, नेपाल से संक्रमण की आशंका के चलते स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने उत्तराखंड सरकार को नेपाल सीमा पर स्क्रीनिंग के लिए हर स्तर पर समर्थन देने का आश्वासन दिया।
Total Downloads: 172
वहीं बुद्ध सर्किट में चीन से आने वाले सैलानियों की स्क्रीनिंग के लिए बिहार सरकार को उपाय करने का निर्देश दिया। केंद्र के निर्देश के बाद बिहार सरकार ने तुरंत एडवाइजरी जारी कर दी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि चीन से लौटे सात लोगों को निगरानी में रखा गया है। इनके खून के नमूने जांच के लिए पुणे भेज दिए गए हैं। केरल अाैर महाराष्ट्र में 181 लाेगाें काे निगरानी में रखा गया है।

क्या है कोरोना वायरस
कोरोना वायरस विषाणुओं के परिवार का है। यह सी-फूड से जुड़ा है। इससे जुकाम से लेकर सांस की गंभीर समस्या होती है। बाद में ये लक्षण न्यूमोनिया में बदल जाते हैं और किडनी को नुकसान पहुंचाते हैं।
बचाव के उपाय
{हाथ काे साबुन और पानी से रगड़कर साफ करें {खांसते और छींकते वक्त नाक और मुंह को ढकें {जिनको सर्दी या फ्लू जैसे लक्षण हों, उनसे दूर रहें {जानवरों के संपर्क में आने से बचें
बुद्ध सर्किट में चीनी सैलानियों पर नजर रखे बिहार
पटना | कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने एडवाइजरी जारी की है। बुद्ध सर्किट के पर्यटन स्थलों पर चीन व उसके सीमावर्ती देशों से आने वाले सैलानियों को लेकर विशेष निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने कहा कि केंद्र द्वारा जारी गाइडलाइन के मुताबिक जिलों को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
भागलपुर में भी अलर्ट जारी
राज्य के हवाईअड्डाें पटना व गया के अधिकारियों से संपर्क कर वहां पर थर्मल स्क्रीनिंग पर विचार कर सतर्कता बरतने को कहा गया है। विभाग ने इंट्रीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (आईडीएसपी) द्वारा विकसित रिपोर्टिंग फारमेट सभी जिलों और संस्थानों को भेजा है, ताकि जिले इस रोग के प्रति सतर्क रहें, रोग की रिपोर्ट और संदिग्ध मामलों की लगातार निगरानी करें। भागलपुर में भी अलर्ट जारी किया गया है।

