नाथनगर अंचल कार्यालय में सोमवार की शाम चार बजे एक महिला ने राजस्व कर्मचारी ओंकार कुमार के निजी स्टाफ सुदीन मंडल का काॅलर पकड़ लिया अाैर उसकी पिटाई कर दी। महिला का अाराेप है कि सुदीन मंडल राजस्व कर्मचारी का दलाल है अाैर वह जमीन के म्यूटेशन के नाम पर लाेगाें से पैसे लेता है। इस घटना के कारण करीब आधे घंटे तक अंचल कार्यालय में अफरातफरी मची रही। बाद में अंचल के कर्मचारियाें के समझाने पर मामला शांत हुअा।
Total Downloads: 102
किशनपुर के दिग्घी की प्रिया गिल का कहना है कि चंपानगर इलाके में तीन हिस्सेदार की जमीन का म्यूटेशन सुरेन्द्र यादव नामक एक हिस्सेदार के के नाम पर कर दिया गया। रसीद भी काट दी। उसका अाराेप है कि इसकी एवज में एक लाख रुपए लिये गए। जमीन की दूसरी हिस्सेदार वृद्धा मंतो देवी म्यूटेशन व रसीद में सुधार के लिए 8 साल से कार्यालय का चक्कर लगा रही है। प्रिया गिल ने बताया कि उसका परिवार भी जमीन का हिस्सेदार है। म्यूटेशन के लिए सुदीन मंडल ने उससे 35 हजार रुपए मांगे। हालांकि सुदीन मंदल ने महिला के आरोप को बेबुनियाद बताया, लेकिन उसने यह स्वीकार किया वह राजस्व कर्मचारी ओंकार कुमार का स्टाफ है। लेकिन उसने कहा कि वह म्यूटेशन का काम नहीं कराता है।
राजस्व कर्मचारी ने निजी कर्मी काे पहचानने से किया इनकार
इधर, राजस्व कर्मचारी ओंकार कुमार ने सुदीन मंडल को पहचानने से ही इंकार कर दिया। उसने कहा कि नाथनगर अंचल में वह अकेला राजस्व कर्मचारी है। अंचल के अंदर 15 हल्का है। काम का काफी प्रेशर रहता है। हालांकि, उसने निजी कर्मी को रखने की बात से इनकार कर दिया। उसने कहा कि मंगलवार से कार्यालय में कोई भी बाहरी व्यक्ति नहीं दिखेगा। जिस समय महिला प्रिया गिल सुदीन मंडल काे पीट रही थी, उस समय वह राजस्व कर्मचारी के टेबल पर ही बैठा था। टेबल पर कई रजिस्टर व कागजात खुले रखे थे। ऐसे में सवाल उठता है कि जब राजस्व कर्मचारी सुदीन को नहीं पहचानता है ताे वह उसके टेबल पर कैसे बैठा था?

महिला के अाराेपाें की करेंगे जांच
अंचल कार्यालय में घुसकर एक निजी कर्मी के साथ मारपीट करने की बात सामने आई है। उक्त कर्मी राजस्व कर्मचारी के साथ रहता है। महिला के आरोपों की जांच करेंगे। जिस जमीन के गलत म्यूटेशन होने की बात महिला कह रही है, वह एक वर्ष पहले हुआ है। यदि कोई आपत्ति थी तो पहले ही अपील करनी चाहिए थी। मारपीट के दौरान अंचल कार्यालय में दस्तावेज के साथ छेड़छाड़ व सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
