भागलपुर : यात्रियों को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने मालदा रेल मंडल की तीन जोड़ी एक्सप्रेस और दो जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों को चलाने की अनुमति दे दी है। गुरुवार की शाम नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है। फैजाबाद और सुल्तानपुर के रास्ते दिल्ली जाने वाली मालदा-दिल्ली फरक्का एक्सप्रेस (दो जोड़ी) और जमालपुर-हावड़ा सुपर एक्सप्रेस कोविड स्पेशल बनकर एक अक्टूबर से चलेंगी। जबकि जमालपुर-साहिबगंज और जमालपुर-किऊल पैसेंजर का परिचालन 26 सितंबर से होगा। दोनों पैसेंजर ट्रेनों में टिकट के लिए शनिवार से स्टेशनों पर साधारण टिकट कॉउंटर खुल जाएंगे। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद इन ट्रेनों के चलने से भागलपुर जिले के अलावा, मुंगेर, लखीसराय, पटना सहित झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। दरअसल, 23 मार्च से ही यात्री ट्रेनों का परिचालन बंद है। अभी इस बीच भागलपुर से दिल्ली के लिए दो और अगरतल्ला के लिए एक ट्रेनें कोविड स्पेशल बनकर चल रही है। यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलवे ने पांच जोड़ी ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। मालदा रेल मंडल के डीआरएम यतेंद्र कुमार ने बताया कि जल्द ही कुछ और ट्रेनो का परिचालन होगा। इसके लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 506

मेमू होगा दोनों पैसेंजर ट्रेन, पहली बार चलेंगी

साहिबगंज-जमालपुर और जमालपुर किऊल पैसेंजर का परिचालन मेमू (मेन लाइन इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट) रैक से होगा। पहली बार इस रैक का परिचलन साहिबगंज-किऊल रेल खंड पर हो रहा है। पूर्व रेलवे के सीपीआरओ निखिल चक्रवर्ती ने बताया की मेमू ट्रेन का यात्रियों को मिलेगा। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यह पैसेंजर ट्रेन की तुलना में कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचा देगी। रफ्तार इस रैक की ज्यादा होती है।

स्पेशल नंबर से चलेंगी सभी गाड़ियां

बोर्ड से स्वीकृति मिलने के बाद फरक्का, सुपर और दोनों पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन स्पेशल नंबर से होगा। सभी ट्रेनों के चलने और पहुंचने का समय पहले की तरह होगा। स्पेशल बनने के बाद सिर्फ ट्रेन के शुरुआत नंबर में एक की जगह शून्य होगा। फरक्का एक्सप्रेस 13413/14 की जगह 03413/03414, सुपर एक्सप्रेस 13072/13071 की जगह 03072/3071, जमालपुर-साहिबगंज पैसेंजर 53431/53432 की जगह 03431/03432 और जमालपुर-किऊल पैसेंजर 53423/53424 के बदले 03423/03424 नंबर से चलेगी। स्पेशल ट्रेनों का ठहराव और समय पहले की तरह स्टेशनों पर होगा।

डीजल नहीं, इलेक्ट्रिक इंजन से चलेंगी

पहले इन गाडिय़ों का परिचालन डीजल इंजन से होता था। भागलपुर-साहिबगंज-मालदा-किऊल- रेल सेक्शन पर विद्युतीकरण कार्य पूरा होने के बाद रेलवे ने इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनें चलाने की मंजूरी दे दी है। इलेक्ट्रिक इंजन से परिचालन शुरू होने से न सिर्फ ट्रेन की रफ्तार बढ़ेगी, बल्कि समय की बचत भी होगी। वर्तमान में भागलपुर से विक्रमशिला एक्सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस, अंग एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल और नई दिल्ली साप्ताहिक एक्सप्रेस का ही परिचालन इलेक्ट्रिक इंजन से हो रहा है।

इन जगहों के यात्रियों को सहूलियत

किऊल, जमालपुर, बरियारपुर, कल्याणपुर, सुल्तानगंज, अकबरनगर, नाथनगर, भागलपुर, सबौर, घोघा, एकचारी, लैलख, कहलगांव, शिवनारायणपुर, विक्रमशिला, पीरपैंती, मिर्जाचौकी, साहिबगंज, बड़हरवा, मालदा, न्यू फरक्का रामपुर हाट, वर्धमान अंडाल और हावड़ा जाने वाले यात्रियों को सहूलियत होगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *