भागलपुर। शहर के प्रमुख सड़कों पर यातायात सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शनिवार को भी प्रमुख इलाकों से अतिक्रमण हटाया गया। पिछले दो दिन से चल रहा अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। तीसरे दिन अजंता सिनेमा, पटल बाबू रोड, उल्टा पुल के नीचे से लेकर खलीफाबाग चौक होते हुए घंटाघर के समीप सदर अस्पताल के पास सड़क किनारे बगैर अनुमति के लगाई गई दुकानों को हटाया गया। अतिक्रमित दुकानों को बुलडोजर चलाकर हटाया गया। अभियान में करीब 150 दुकानों को हटाया गया।
Total Downloads: 189
अभियान का नेतृत्व कर रहे निगम के वरीय अतिक्रमण प्रभारी सह कनीय अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि रविवार को भी अभियान चलेगा। रविवार को तिलकामांझी चौक से कचहरी चौक तक, यहां से मनाली चौक होते हुए एसएम कॉलेज बजरंगबली चौक से बड़गाछ चौक तक अभियान चलाया जाएगा।
यहां निगम ने एक दिन पहले ही माइकिंग कर लोगों को अपनी दुकानें हटाने को कहा है। बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर दस-पंद्रह दिन बाद फिर से अभियान चलाया जाएगा। बुलडोजर लेकर अभियान चलाने को लेकर काफी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी, ताकि हंगामा होने पर मुकाबला किया जा सके।

