भागलपुर : विश्वविद्यालय इलाके में फिर से बाइक सवार लुटरे सक्रिय हो गए हैं। पुलिस की सुस्त गश्ती के कारण वे फिर से इलाके में वारदात को अंजाम देने लगे हैं। बुधवार की सुबह बाइक सवार अपराधियों ने टीएनबी कॉलेज के बीए पार्ट-वन के छात्र नाथनगर निवासी अभिनव कुमार का बहुद्देशीय प्रशाल के समीप रॉड से हमला कर मोबाइल लूट लिया। फिर बाइक सवार अपराधी आसानी से मुस्लिम स्कूल की तरफ भाग निकले। वहीं घटना में छात्र अभिनव को चोट आई है। उसने विश्वविद्यालय पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
Total Downloads: 192
इकोनॉमिक्स विभाग से लौट रहा था टीएनबी कॉलेज
अभिनव अपने किसी रिश्तेदार को पीजी इकोनॉमिक्स विभाग से छोड़कर वापस पैदल ही मोबाइल से बात करते हुए कॉलेज जा रहा था। तभी एनएच-80 की तरफ से आए बाइक सवार अपराधियों ने उसके हाथ में लोहे के रॉड से मार दिया। अपराधियों के हमले से उसका मोबाइल गिर गया और वह वहीं गिर पड़ा। तभी बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने मोबाइल उठा लिया और आराम से बाइक पर पीछे बैठकर चलते बना। वहीं आसपास चल रहे लोगों ने यह घटना देखी। किंतु किसी की हिम्मत नहीं हुई कि वे अपराधियों का विरोध करे या उसका पीछा करे।
दहशत में हैं छात्र-छात्राएं
विश्वविद्यालय इलाके में लगातार छिनतई की वारदात होती है। इस कारण उस इलाके में रह रहे छात्र और छात्राओं में भय का माहौल है। गौरतलब है कि उस रोड में दर्जनों विभाग के अलावा कॉलेज हैं। जहां हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं आवाजाही करते हैं। ऐसे में उस इलाके में ऐसी वारदात अपने आप में सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। वहीं छात्रों ने इलाके में विश्वविद्यालय पुलिस की गश्ती पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जब इस रोड में इतनी वारदात होती है तो वहां पुलिस की तैनाती क्यों नहीं होती।

पूर्व में घटित घटनाएं
25 जुलाई : टीएनबी कॉलेजिएट के पास टीएमबीयू के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. स्वाति यादव से चेन की छिनतई
26 जुलाई : विवि स्वास्थ्य केंद्र के पास पीजी की छात्रा खुशबू कुमारी से मोबाइल बाइक सवारों ने मोबाइल छीनी थी
26 जुलाई : विवि थाना मोड़ के समीप पीजी की छात्रा अंशु कुमारी से मोबाइल की छिनतई
31 जुलाई : मारवाड़ी कॉलेज के पास शिक्षिका सरिता कुमारी से सोने के चेन की छिनतई
4 अगस्त : उल्टा पुल के पास बस स्टैंड के पास से भीखनपुर की महिला मीरा झा से चेन की छिनतई
10 अगस्त : मोहद्दीनगर में सुचिता देवी के हाथ से पर्स की छिनतई
31 अगस्त : चुनिहारी टोला में हंसा छापोलिका से हीरा जडि़त सोने की चेन छिनतई
31 अगस्त : मेडिकल कॉलेज के समीप एडीजे-7 की पत्नी से चेन की छिनतई
3 सितंबर : जोगसर पुलिस चौकी के सामने प्रतिमा श्रृंगार के पास राज लक्ष्मी से सोने की चेन की छिनतई
6 सितंबर : जेएलएनएमसीएच के सामने सत्तू बेचने वाली मीरा देवी से बरारी पुलिस चौकी के सामने 50 हजार की छिनतई
9 अक्टूबर : नया बाजार चौक के पास टेम्पो सवार महिला के हाथ से बदमाशों ने पर्स छीन लिया।
9 अक्टूबर : मारवाड़ी पाठशाला के नजदीक बड़ी पोस्ट ऑफिस के रिटायर पोस्टमास्टर सुधीर प्रसाद राय से 70 हजार रुपये की छिनतई

