बिहार आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ, भागलपुर के तत्वावधान में जिले के तमाम आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को 20 सूत्री मांगों के समर्थन में समाहरणालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। इसमें सेविका और सहायिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
Total Downloads: 101
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 20 सूत्री मांगों में स्थाई नौकरी, पेंशन, वेतन वृद्धि आदि की मांग कर रही थी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर हमारी मांगे पूरी नहीं होती है तो 28 एवं 29 मार्च को राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल किया जाएगा। इससे जिले भर के सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। साथ ही विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा।
जिला संयोजक प्रकाश मंडल ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका से सरकार व विभाग दिन भर काम कराती है। मानदेय के रूप में काफी कम राशि मिलती है। इससे सेविका-सहायिका स्वयं अपना पेट नहीं भर सकती हैं। प्रदर्शनकारियों से मिलने राजद के पूर्व सांसद बुलो मंडल भी आए। प्रदर्शन करने वालों में मीडिया प्रभारी अशोक कुमार राकेश के अलावा नाथनगर प्रखंड अध्यक्ष पिंकी कुमारी, रेणु कुमारी, शाहकुंड की अध्यक्ष तबस्सुम, सुल्तानगंज प्रखंड अध्यक्ष सुभद्रा कुमारी, सबौर से दीपशिखा, गोराडीह से सूरत प्यारी, नवगछिया से प्रीति कुमारी, जगदीशपुर की रिहाना के अलावा सैकड़ों सेविका व सहायिकाएं मौजूद थीं।

