कैमूर जिला के रामगढ़ के भाजपा विधायक अशोक कुमार सिंह के साढू अरुण सिंह के बेटे उदित रंजन का शव शुक्रवार की देर शाम अनुग्रह नारायण स्टेशन और पुनपुन नदी पर बने पुल के बीच बरामद किया गया है। शव बरामद होने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है वहीं खुद विधायक ने भी एसपी से फॉरेंसिक जांच कराने की मांग की है। जानकारी के अनुसार उदित रंजन ने एम. टेक की पढ़ाई पूरी की थी और अपनी बहन को पटना में प्रशिक्षण के लिए छोड़ने गया था।
उदित का परिवार सासाराम में काली स्थान मुहल्ला में रहता है। बहन को छोड़ने के बाद गुरुवार की रात वह पटना से अपने एक मित्र विवेक कुमार के साथ भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस से लौट रहा था। रात में वह घर नहीं आया जिसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। विभिन्न जगहों पर फोन करने के बावजूद भी उसका पता नहीं चला। शुक्रवार की शाम एक युवक की लाश अनुग्रह नारायण स्टेशन से कुछ दूरी पर पोल के बीच में पड़े होने की जानकारी मिली। जिसकी पहचान उदित के रूप में की गई। जीआरपी की टीम यहां पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

विधायक ने फ़ोन पर बताया कि उदित का दोस्त विवेक सुबह में ट्रेन लेट होने के कारण घर आया और उसने उदित का बैग पहुंचा दिया। उसने जानकारी दी कि रफीगंज स्टेशन पर उसने उदित से बात की थी और फिर थोड़ी देर बाद उसकी आंख लग गई। डेहरी स्टेशन पहुंचने पर उसने उदित को खोजा लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद वह उसका बैग लेकर सासाराम स्टेशन पर उतर गया। विधायक ने कहा कि जिन परिस्थितियों में उदित की लाश मिली है, उससे अनहोनी की आशंका प्रबल हो गई है। उसकी आत्महत्या का सवाल ही नहीं उठता है और निश्चित रूप से इसमें कुछ साजिश है।
उन्होंने फॉरेंसिक जांच की मांग की है ताकि असली कारणों का पता चल सके। जीआरपी थानाध्यक्ष कमल किशोर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। विधायक ने बताया कि शनिवार को फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर जाकर जांच करेगी कि यह हत्या है या कोई दुर्घटना घटी है।


