राजधानी समेत बिहार में गर्मी का प्रकोप जारी है। लगातार 14वें दिन पटना में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया। गुरुवार को आकाश में आंशिक बादल छाए रहे मगर उमस परेशान करती रही। राजगीर में थोड़ी देर बारिश जरूर हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक आनंद शंकर ने बताया कि राजगीर में हुई वर्षा को प्री-मानसून की बारिश कह सकते हैं। मानसून 72 घंटे के अंदर बिहार में दस्तक दे सकता है। सबसे पहले पूर्वी बिहार में मानसून की बारिश होगी। शुक्रवार को आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन गर्मी से राहत की संभावना नहीं है।

बंगाल की खाड़ी से बिहार की ओर बढ़ रहा मानसून

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को अरब सागर से दक्षिण-पश्चिम मानसून तीन हिस्से में बंटकर आगे बढ़ रहा है। बंगाल की खाड़ी से भी मानसून बिहार की ओर बढ़ रहा है। पश्चिम बंगाल, असम और झारखंड के साथ सीमावर्ती बिहार में 22 से 23 जून तक बारिश हो सकती है। बिहार में 27 जून तक बादल छाए रहने की संभावना है।

न्यूनतम तापमान अधिक होने से परेशानी

गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी की मात्रा बढ़कर 51 फीसद पहुंचने के कारण लू से थोड़ी राहत मिली है। वैसे हवा में सामान्य नमी 77 फीसद होनी चाहिए।

इस सीजन में सामान्य न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस सामान्य माना जाता है। ऐसे में न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 31 डिग्री पहुंचने के कारण बेचैन करने वाली गर्मी रही।

गया का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और न्यूनतम 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां हवा में नमी की मात्रा सामान्य से अधिक 83 फीसद रहने के कारण लोगों ने राहत महसूस की। गया की हवा में सामान्य नमी 73 फीसद होनी चाहिए।

भागलपुर का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री और न्यूनतम 29.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को पटना और गया का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *