भागलपुर। अंग भूमि की ऐतिहासिक धरती पर सनातन संस्कृति के संवर्धन, ‘समृद्ध स्वर्णिम बिहार’ और ‘शक्ति सम्पन्न अखंड भारतवर्ष’ के संकल्प के साथ रविवार, 23 अगस्त को भव्य महाशक्ति सनातन धर्म सम्मेलन का आयोजन होगा। महालक्ष्मी पीताम्बरा महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद होने वाले इस धार्मिक समागम में देशभर से संतों और महामंडलेश्वरों का जुटान होगा।
Total Downloads: 161
सम्मेलन सैंडिस कंपाउंड स्थित एयर ओपन थियेटर (स्टेशन क्लब) में दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सनातन रक्षा वाहिनी के तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें बाबा बूढ़ानाथ महादेव मंदिर न्यास परिषद, अखंड आरंभ फाउंडेशन, जिला बॉस्केटबॉल एसोसिएशन, खुशहाल भारत, भगवा क्रांति, जागृत युवा समिति और केंद्रीय रेलवे यात्री संघ समेत विभिन्न संस्थाओं का सहयोग रहेगा।
देशभर से जुटेंगे संत और महामंडलेश्वर
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में निरंजनी अखाड़ा, जूना अखाड़ा, शक्तिपीठ कामाख्या, विंध्याचल-प्रयागराज, अयोध्या और अन्य धार्मिक पीठों से संतों के शामिल होने की संभावना है। इनमें महामंडलेश्वर डॉ. रमण पुरी महाराज, महंत शिव नारायण गिरि महाराज, आचार्य महामंडलेश्वर माता कौशल्या नन्द गिरी, कौलाचार्य स्वामी अभयानंदनाथ, महामंडलेश्वर योग माता राधिका पुरी, शक्ति उपासक मां कावेरी प्रज्ञा, महामंडलेश्वर गोल्डन माता रुद्राणी, श्री अवधूत आनंद दास महाराज, वैदेही नंदन बाल व्यास वेदांत महाराज, महायोगिनी सरस्वती, स्वामी नरेशानंद जी महाराज और डॉ. सुनील कुमार मिश्रा समेत कई संतों के नाम शामिल हैं।

इसके अलावा भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के साधु-संतों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है।
सनातन चेतना और राष्ट्र कल्याण का संदेश
सनातन रक्षा वाहिनी के मुख्य संयोजक, तांत्रिक क्रिया योगी एवं ज्योतिषाचार्य स्मार्त परमहंस आचार्य पंकज अथर्व ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य सनातन मूल्यों की पुनर्स्थापना, सामाजिक समरसता, आंतरिक शक्ति के संचय और राष्ट्र कल्याण की भावना को मजबूत करना है।
आयोजन समिति ने भागलपुर समेत पूरे अंग क्षेत्र के श्रद्धालुओं, मातृशक्ति और प्रबुद्ध नागरिकों से सपरिवार सम्मेलन में पहुंचकर संतों के आशीर्वचन का लाभ लेने की अपील की है।
कार्यक्रम की तैयारियों में राकेश कुमार देव, वाल्मीकि कुमार सिंह, विश्वजीत कुमार सिंह, कुणाल सिंह, सौरभ कुमार, नीरज कुमार, कुमार सानु, हर्ष शांडिल्य, सक्षम, प्यारे हिंद, शशिकांत शशि, मनोज बुधिया और दीपक सिंह समेत कई कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
