बिहार में गहराते बाढ़ के संकट को देखते हुए रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राहत व बचाव को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में बाढ़ के हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बैठक के बाद आज बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने हवाई सर्वेक्षण कर हालात की जानकारी ली। वहीं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार माेदी ने कहा कि कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर है।
मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक
इसके पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सरकारी आवास पर आवास उच्च स्तरीय बैठक में बाढ़ के हालात की समीक्षा की। बैठक में जल संसाधन मंत्री संजय झा सहित वरीय अधिकारी मौजूद थे। बैठक में आपदा प्रबंधन, जल संसाधन व सड़क विभागाें के प्रधान सचिव उपस्थित थे।

अधिकरियों को सतर्क रहने का निर्देश
वहीं जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा कि नेपाल में लगातार हो रही बारिश से बिहार में हालात खराब हुए हैं। सरकार स्थिति पर नजर रखे हुए है। अधिकरियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने किया हवाई सर्वेक्षण
बिहार के शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, अररिया, दरभंगा, सुपौल, किशनगंज आदि जिले बाढ़ में डूबे हुए हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हाई लेवल बैठक करने के बाद अपराह्न बाद बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। उनके साथ बिहार के जल संसाधन मंत्री संजय झा भी थे। इस दौरान उन्होंने संबंधित जिला प्रशासन को भी कई आवश्यक निर्देश दिए।

हालात पर सरकार की नजर
आपदा विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि हालात पर सरकार की नजर है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में सरकार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा रही है। रिलीफ कैंपों ने काम करना शुरू कर दिया है। लोगों के लिए सामुदायिक रसोई बनाए जा रहे हैं।


