भागलपुर/नवगछिया। विक्रमशिला सेतु पर 30 सितंबर की देर रात से वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद होने के बाद भागलपुर और नवगछिया सहित आसपास के जिलों के यात्रियों के लिए रेलवे की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाएगी। सेतु पर स्थायी समाधान के लिए चलने वाले निर्माण कार्य के कारण जनवरी 2027 तक यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। इसी को देखते हुए रेलवे ने 03407/03408 भागलपुर-कटिहार-भागलपुर स्पेशल ट्रेन के परिचालन की अवधि बढ़ाकर जनवरी तक कर दी है।

पहले इस स्पेशल ट्रेन का परिचालन नवंबर के अंतिम सप्ताह तक प्रस्तावित था। अब इसे जनवरी 2027 तक चलाया जाएगा। यह ट्रेन भागलपुर से सुल्तानगंज, मुंगेर और खगड़िया होते हुए कटिहार तक जाएगी। सेतु बंद रहने के दौरान भागलपुर और नवगछिया क्षेत्र के लोगों के लिए यह ट्रेन सड़क मार्ग के विकल्प के रूप में महत्वपूर्ण होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की संख्या में वृद्धि होने पर ट्रेन में अतिरिक्त कोच भी लगाए जा सकते हैं। वर्तमान में इस ट्रेन में 15 कोच हैं।

सुबह सात बजे भागलपुर से खुलेगी ट्रेन

03407 भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन प्रतिदिन सुबह करीब 7 बजे भागलपुर से रवाना होगी। कटिहार से वापसी में ट्रेन दोपहर दो बजे के बाद खुलेगी और शाम सात बजे के बाद भागलपुर पहुंचेगी। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

पूर्व रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक डॉ. उदय शंकर झा ने बताया कि विक्रमशिला सेतु के बंद होने के कारण ट्रेन के परिचालन की अवधि जनवरी तक बढ़ाई गई है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर कोचों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

मई से ही बड़े वाहनों पर लगी है रोक

विक्रमशिला सेतु के पिलर संख्या 34 का स्लैब गिरने के बाद तीन मई की देर रात से पुल पर सुरक्षा कारणों से भारी बसों, ट्रकों और अन्य बड़े व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई थी। इसके बाद रेलवे ने भागलपुर-कटिहार के बीच इस स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू किया था।

अब एक बार फिर सेतु के पूरी तरह बंद होने से इस रेल सेवा की उपयोगिता बढ़ गई है। जिला प्रशासन की ओर से गंगा में जहाज/फेरी सेवा चलाने की तैयारी भी की जा रही है, लेकिन लंबी दूरी की आवाजाही के लिए रेलवे यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प रहेगा।

नवगछिया होकर आनंद विहार-जोगबनी फेस्टिवल स्पेशल

आगामी पर्व-त्योहारों में यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 04008/04007 आनंद विहार-जोगबनी-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का लाभ नवगछिया सहित कटिहार-बरौनी रेलखंड के यात्रियों को मिलेगा।

04008 आनंद विहार-जोगबनी फेस्टिवल स्पेशल 10 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को आनंद विहार से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 7:10 बजे नवगछिया पहुंचेगी और पांच मिनट बाद आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन कटिहार, पूर्णिया, अररिया कोर्ट और फारबिसगंज होते हुए दोपहर करीब तीन बजे जोगबनी पहुंचेगी।

वापसी में 04007 जोगबनी-आनंद विहार फेस्टिवल स्पेशल 11 अक्टूबर से 8 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को जोगबनी से शाम 6:30 बजे खुलेगी। यह ट्रेन रात करीब 10:45 बजे नवगछिया पहुंचेगी। इसके बाद मानसी, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, शाहपुर पटोरी और हाजीपुर होते हुए अगले दिन आनंद विहार पहुंचेगी।

ट्रेन के प्रमुख ठहराव में पूर्णिया, कटिहार, नवगछिया, मानसी, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर, गोरखपुर, अररिया कोर्ट और फारबिसगंज शामिल हैं।

17 अक्टूबर से मालदा-हरिद्वार पूजा स्पेशल

दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने मालदा टाउन-हरिद्वार के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया है।

03437 मालदा टाउन-हरिद्वार पूजा स्पेशल 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार चलेगी। यह ट्रेन कुल सात फेरे लगाएगी। मालदा टाउन से ट्रेन सुबह 10 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम करीब 5 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।

वापसी में 03438 हरिद्वार-मालदा टाउन पूजा स्पेशल 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। हरिद्वार से यह ट्रेन शाम 6:45 बजे रवाना होकर अगले दिन रात करीब 11:55 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में ट्रेन न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में जनरल सेकेंड क्लास, स्लीपर और एसी कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

सेतु बंद, रेल सेवा पर बढ़ेगा दबाव

विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद भागलपुर-नवगछिया के बीच सड़क संपर्क प्रभावित रहेगा। ऐसे में पूजा और छठ के दौरान यात्रियों की भीड़ को संभालना बड़ी चुनौती होगी। रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का परिचालन बढ़ाने और जरूरत के अनुसार कोच बढ़ाने की तैयारी से यात्रियों को वैकल्पिक आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *