गोपालपुर विधायक गोपाल मंडल ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डाक्टरों से कहा कि व्यवस्था सुधारिए। मरीज और उनके परिजन रो रहे हैं। कोई देखने वाला नहीं है। विधायक ने बताया कि एक मरीज की शिकायत पर वह मायागंज अस्पताल गए थे। विधायक सबसे पहले ओपीडी के दवा काउंटर के पास जाकर मरीज से मिले।
मरीज ने बताया कि डाक्टर उन्हें देख नहीं रहे है। इसके बाद मरीज के साथ गोपाल मंडल इमरजेंसी पहुंचे। वहां पर तैनात डाक्टरों से उन्होंने मरीज को देखने के लिए कहा। डाक्टर ने बताया कि जिनकी यूनिट का मरीज है वे आधे घंटे में आकर देख लेंगे। कोरोना संक्रमण के साथ-साथ अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या भी अस्पताल में काफी है। डाक्टरों को इन मरीजों पर भी ध्यान देना चाहिए।
चादर और खाना की जांच करने पहुंचे:
इसके बाद विधायक इमरजेंसी में चादर और खाना की जांच करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान कुछ ही बेड पर चादर दिखा। इसको लेकर विभाग की नर्स से जब पूछा तो उन्होंने कहा कि मरीज मांगते ही नहीं। विधायक ने नर्स से कहा कि मरीज की सेवा करें। इसके बाद वे इमरजेंसी बच्चा वार्ड गए। वहां की व्यवस्था सही थी। विधायक ने बताया कि अधीक्षक कहीं बाहर थे। इसलिए मुलाकात नहीं हो पायी।


