शिक्षा विभाग ने सोमवार को छठे चरण के शिक्षकों के नियोजन का शेड्यूल जारी कर दिया। विधानमंडल के मानसून सत्र की समाप्ति के तुरंत बाद 29 जुलाई से छठे चरण के तहत माध्यमिक (हाई स्कूल) व उच्च माध्यमिक (प्लस टू) शिक्षकों के 35 से 40 हजार रिक्त पदों पर नियुक्ति होगी। .

खास बात यह है कि राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) 2012 उत्तीर्ण जिन अभ्यर्थियों की उत्तीर्णता प्रमाणपत्र की वैधता जून 2019 में समाप्त हो गई थी और इसे जून 2021 तक विस्तारित किया गया था, उनके लिए शिक्षक बनने का एक सुनहरा अवसर राज्य सरकार ने उपलब्ध करा दिया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गत एक जून को समीक्षा बैठक में इस बाबत निर्देश दिए थे। .

छठे चरण के शिक्षक नियोजन के तहत दफ्तरी कार्यवाही 29 जुलाई से ही शुरू हो जाएगी और चार माह में यह पूरी होगी। राज्य के सरकारी हाई स्कूल व प्लस टू में नियुक्ति की चाह रखने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका 27 अगस्त से मिलेगा। 26 सितम्बर तक आवेदन लिए जाएंगे। विभिन्न प्रक्रियाओं से गुजरते हुए नियोजन इकाइयों द्वारा 29 नवम्बर को नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे। .

शिक्षा विभाग के उप सचिव अरशद फिरोज द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक 29 जुलाई तक जिले नियोजनवार रिक्त पदों की गणना करेंगे। 3 अगस्त को राज्यस्तरीय नियोजन प्रशिक्षण होगा। जिलास्तर पर कर्मियों के लिए यह ट्रेनिंग 6 अगस्त को होगी। 9 अगस्त को जिलावार रिक्त पदों के रोस्टर पंजी तैयार होंगे। 16 अगस्त को आरडीडीई के स्तर पर रोस्टर क्लीयरेंस होगा। 21 अगस्त को जिला कोटिवार व विषयवार रिक्ति की सूचना नियोजन इकाइयों को भेजेंगे। 26 अगस्त को नियोजन इकाइयां विषयवार रिक्ति की सूचना प्रकाशित करेंगी। महिलाओं को 35 फीसदी का आरक्षण मिलेगा। .

‘ 31 दिसम्बर 2018 तक उपलब्ध विषयवार शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियोजन होंगे .

‘ 1000 में से चौथे पांचवें चरण में रिक्त रह गये कम्प्यूटर शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति होगी.

‘ प्लस टू के वाणिज्य संकाय में केवल एमबीए डिग्रीधारी नियुक्त नहीं होंगे। इसके लिए एमकॉम एवं बीएड होना अनिवार्य .

‘ इंजीनियरिंग से स्नातक जिसमें विज्ञान और गणित की विशेषज्ञता हो तथा बीएड एवं एसटीईटी उत्तीर्ण हों, गणित विषय में माध्यमिक शिक्षक के पद पर नियोजित हो सकते हैं.

हाईस्कूल शिक्षक : स्नातक, बीएड, एससीईटी-1 उत्तीर्ण .

प्लसटू : स्नातकोत्तर, बीएड, एसटीईटी-2 उत्तीर्ण .

-संगीत, नृत्य, ललितकला, कम्प्यूटर, शारीरिक शिक्षक के लिए बीएड होना जरूरी नहीं। संबंधित विषयों में प्रशिक्षण की डिग्री वांछित .

आयु सीमा : न्यूनतम 21 वर्ष, अधिकतम आयु सीमा सामान्य प्रशासन द्वारा निर्धारित। दिव्यांग व बीएड प्रशिक्षित को 10 वर्ष की छूट

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *