नवगछिया/खरीक: खरीक थाना क्षेत्र के अठगामा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान अठगामा निवासी संतोष शर्मा के पुत्र अंकित कुमार (11) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार अंकित पानी लाने के लिए नवादा की ओर जा रहा था। इसी दौरान घर के समीप एक ट्रैक्टर ने उसे जोरदार धक्का मार दिया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बन चुकी है सड़क

स्थानीय लोगों का कहना है कि अठगामा-नवादा मार्ग लगातार हादसों का गवाह बन रहा है। पिछले एक वर्ष के दौरान इस सड़क पर छह लोगों की जान जा चुकी है।

  • जुलाई 2025 में हाइवा और टेंपो की टक्कर में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हुई थी।
  • अगस्त 2025 में बालू लदे ट्रैक्टर ने बिहार पुलिस भर्ती की दौड़ का अभ्यास कर घर लौट रही तीन युवतियों को रौंद दिया था, जिसमें एक युवती की मौत हो गई थी जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
  • जनवरी 2026 में ट्रक की टक्कर से एक बाइक सवार की जान चली गई थी।
  • इसके महज 15 दिन बाद मजदूरी कर लौट रही दो महिलाओं को ट्रैक्टर ने कुचल दिया था, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
  • मार्च 2026 में ट्रक और बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई थी।

लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....