नवगछिया : भागलपुर टीएमबीयू में पांच मार्च के बाद सिंडिकेट की पहली ऑफलाइन बैठक नौ सितंबर को नवगछिया के जीबी कॉलेज में होगी। पहले यह बैठक विवि प्रशासनिक भवन स्थित सिंडिकेट हॉल में होनी थी। इसकी अधिसूचना रजिस्ट्रार डॉ. विकास चंद्रा ने दी है। बैठक में तय एजेंडे के अनुसार लोकपाल की नियुक्ति का प्रस्ताव सिंडिकेट की अनुमति के लिए रखा जाएगा।
साथ ही रजिस्ट्रार डॉ. चंद्रा पर कुलपति की अनुमति के बिना छुट्टी पर जाने, बिजली कंपनी पर एफआईआर नहीं करने, फाइलों को लंबित रखने सहित एक दर्जन मामलों में हुए शोकॉज को लेकर हुई उच्च स्तरीय जांच रिपोर्ट भी सिंडिकेट के सामने रखी जाएगी। इसके अलावा दो दिन पहले बैठक में टीएमबीयू आईं सिंडिकेट सदस्य डॉ. रूबी से विवि के कर्मचारियों ने रजिस्ट्रार की कार्यशैली की शिकायत की थी।
यह मामला भी बैठक में उठेगा। इंजीनियरिंग शाखा से पूर्व में सेवामुक्त किए गए मैकेनिकल इंजीनियर मुरारी मिलनारुण का मामला भी रखा जा सकता है। इस मामले को पांच मार्च की बैठक में रूबी कुमारी ने उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया था िक मुरारी मिलनारुण के मामले में विवि के कर्मी गलत तथ्य दे रहे हैं।

विवि ने इसकी जांच कराई तो पता चला कि पद रहते मुरारी मिलनारुण को हटा दिया गया। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। मामले में विवि प्रशासन का कहना था कि कर्मी ने कोर्ट में अपील की थी जहां कोर्ट ने नियुक्ति का दावा नहीं माना।

