नवगछिया : महाराष्ट्र के नंदूत्वार से हरी मिर्च लेकर बांग्लादेश जा रहा ट्रक 12 सितंबर को रास्ते से गायब हो गया था। सोमवार को ट्रक विक्रमशिला सेतु के पहुंच पथ किनारे एक पेट्रोल पंप के पास मिला।
जब ट्रक बंगाल नहीं पहुंचा तो व्यापारियों ने ट्रक मालिक को फोन कर इसकी सूचना दी। ट्रक मालिक ने चालक को फोन किया तो उसका फोन स्विच ऑफ था। इसके बाद ट्रक की खोजबीन शुरू की। मिर्च व्यापारी रतिकूल सरदार ने बताया कि ट्रक का अंतिम लोकेशन कालियागंज में मिला। इसके बाद जीपीएस से संपर्क टूट गया। रविवार की शाम पता चला कि ट्रक चालक भागलपुर का है। इसके बाद व्यापारियों ने भागलपुर के व्यापारियों से संपर्क किया। पुलिस को भी सूचना दी गई।
फिर व्यापारी पिंटू कुमार ने पेट्रोल पंप के पास गाड़ी को देखा तो इसकी सूचना अन्य व्यापारियों को दी। इसके बाद नवगछिया एसडीपीओ ओम प्रकाश को सूचना दी गई। फिर परबत्ता पुलिस मौके पर पहुंची और खलासी तथा एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने ले गई। परबत्ता थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि गायब ट्रक मिर्ची सहित एक पेट्रोल पंप के पास खड़ा है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। खलासी व एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

ट्रक चालक और खलासी मिर्च बेचने के लिए ट्रक को गायब कर दिया था। दोनों कई मंडी में भी गए, लेकिन इतना अधिक मिर्च खरीदने को कोई तैयार नहीं हुआ तो चालक ट्रक लेकर नवगछिया पहुंच गया। चार दिन तक ट्रक में रखी मिर्च खराब हो गई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे व्यापारियों को देखकर चालक मौके से फरार हो गया।

