नवगछिया : लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्मित जहानवी चौक-लत्तीपुर ग्रामीण सड़क पर महादेवपुर गंगा घाट के समीप स्लुईस गेट का फाटक शुक्रवार की रात गंगा नदी के पानी के दबाव से ध्वस्त हो गया। जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीणों ने मिट्टी के बोरे, होम पाइप और अन्य सामग्री डालकर बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तेज धारा के कारण प्रयास विफल रहा और शनिवार की सुबह लगभग 3:30 बजे स्लुईस गेट का फाटक टूट गया।
इससे सैकड़ों एकड़ खेतों में गंगा का पानी फैल गया, जिससे सब्जी और अन्य फसलें बर्बाद हो गईं। आसपास के गांवों जैसे राघोपुर, अलालपुर, बहत्तरा, खैरपुर, जपतेली, फरीदपुर, अठगामा, उस्मानपुर, मिरजाफरी और ध्रुवगंज पर संकट के बादल मंडराने लगे।
घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और विधायक गोपाल मंडल, जेडीयू जिलाध्यक्ष त्रिपुरारी भारती, खरिक सीओ अनिल भूषण और परवत्ता थानाध्यक्ष शंभू पासवान भी पहुंचे।


