नवगछिया : थाना क्षेत्र के तेतरी जीरो माइल के पास पेट्रोल पंप के सामने एनएच 31 पर कार के ठोकर लगने से साइकिल सवार शैलेश कुमार चौरसिया पिता स्व. रामनाथ चौरसिया की दर्दनाक मौत हो गई है। मृतक पान कारोबारी थे। घटना शनिवार की सुबह करीब 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार शैलेश चौरसिया शनिवार की सुबह साइकिल से दूध लेने के लिए कोसी पार कदवा जा रहे थे।
Total Downloads: 181
जैसे ही शैलेश साइकिल से तेतरी जीरोमाइल पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी आनियंत्रित कार ने साइकिल में जोरदार ठोकर मार दी। जिससे वह दूर जा गिरे और सिर में चोट लगी। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ वहां इकट्ठा हो गयी। सूचना पर पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कार को हिरासत में ले लिया है। वहीं चालक कार छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। मृतक को दो पुत्र सुमन कुमार और वरुण कुमार के अलावा एक पुत्री दीपिका कुमारी भी है। शैलेश अपनी बेटी दीपिका की शादी की तैयारी में लगे हुए थे।

स्थानीय वार्ड पार्षद और पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा विनोद कुमार मंडल ने बताया कि मृतक शैलेश सीधे-साधे सामाजिक युवक थे। समाज के गरीब, असहाय लोगों की हरसंभव सहायता भी किया करते थे। उनकी मृत्यु से सामाज ने एक अच्छे युवक को खो दिया है इसकी भरपाई संभव नहीं है। इस मामले को लेकर नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि कार को जब्त कर लिया है। चालक मौके से फरार है। मामले में जांच की जा रही है।
