भागलपुर। मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) में चयन न होने से निराश एक छात्रा ने रविवार दोपहर गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना बरारी थाना क्षेत्र के विक्रमशिला सेतु के पास बरारी गंगा घाट की है।
स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की तत्परता से छात्रा को सुरक्षित बचा लिया गया।
Total Downloads: 165
जानकारी के अनुसार, छात्रा की पहचान नवगछिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र के चांदनी चौक निवासी रंजीत यादव की बेटी मौसम कुमारी के रूप में हुई है। मौसम भागलपुर के खंजरपुर स्थित एक लॉज में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
मौसम ने बताया कि उसने हाल ही में आयोजित NEET परीक्षा दी थी, जिसमें वह सिर्फ एक अंक से चयन से चूक गई। इस असफलता से निराश होकर उसने रविवार दोपहर लगभग ढाई बजे विक्रमशिला सेतु से गंगा में छलांग लगा दी।

बरारी थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार ने बताया कि छात्रा तनाव में थी और आत्महत्या का प्रयास किया था। पुलिस व गोताखोरों की मदद से उसे बचा लिया गया है। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
