नवगछिया : बिहपुर। मां वामकाली समेत ब्राह्मण टोला, कसेरा टोला, पोद्दार टोला और रेलवे इंजीनियरिंग दुर्गा स्थान में स्थापित की गईं प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार की शाम धूमधाम से किया गया। मां वामकाली विसर्जन शोभायात्रा में शामिल रथ आकर्षण का केंद्र रहा।
विसर्जन शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़े की थाप पर युवा श्रद्धालु जमकर थिरके और माता के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा महिला व पुरुष बलों के साथ शोभायात्रा में मुस्तैद रहे।

इससे पहले सोमवार की देर रात प्रधान पुजारी जयंत कुमार शर्मा ने मां वामकाली की विशेष पूजा-अर्चना कराई। पूजा के बाद भक्तों के दर्शन हेतु मां का पट खोला गया।
महंत नवलिकशोर दास और पूजा महासमिति के प्रधान गौरव शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय सहयोग किया। शाम की महाआरती में बिहपुर के निवर्तमान विधायक कुमार शैलेंद्र भी शामिल हुए।

