नवगछिया। थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर बगड़ी पुल से करीब 200 मीटर पहले दयालपुर चौक के पास शनिवार की देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार में आ रही बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से चकनाचूर हो गए।

टक्कर के बाद बस चालक स्टेयरिंग में ही फंस गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रामाकांत सिंह (50 वर्ष), निवासी हरिकचक गांव, प्रखंड भगवानपुर (बेगूसराय) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव सम्पन्न होने के बाद वे बीएसएफ जवानों को बागडोगरा छोड़कर बेगूसराय वापस लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। स्थानीय लोगों की सहायता और जेसीबी मशीन की मदद से पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर लगभग आधे घंटे में यातायात बहाल करा दिया।

गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक को एंबुलेंस से नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान संतोष सहनी, निवासी रामपुर घाट, चेरिया बरियारपुर (बेगूसराय) के रूप में हुई है।

नवगछिया यातायात थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि मृतक बस चालक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच चल रही है।

घर में मचा कोहराम

रामाकांत सिंह की मौत की खबर मिलते ही उनके गांव में मातम पसर गया। पत्नी, दो पुत्री और एक पुत्र सहित पूरा परिवार गहरे सदमे में है। परिजन बताते हैं कि रमाकांत परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनके मिलनसार स्वभाव को याद कर ग्रामीण लगातार घर पहुंचकर शोक-संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *