नवगछिया : सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरण ने गुरुवार को सोनपुर से नवगछिया तक रेल खंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मंडल के महत्वपूर्ण स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, संरक्षा मानकों और परिचालन व्यवस्थाओं की स्थिति का सूक्ष्म मूल्यांकन करना था। डीआरएम ने थाना बिहपुर और नवगछिया सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर जाकर वहां की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
Total Downloads: 163
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्मों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, स्वच्छता, स्टेशन परिसरों के रखरखाव, सिग्नलिंग सिस्टम तथा ट्रैफिक संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षा बलों की तैनाती, पटरियों, ओएचई, पुलों और अन्य तकनीकी संरचनाओं की स्थिति का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुचारू ट्रैफिक एवं कमर्शियल संचालन सुनिश्चित करने के दिशा-निर्देश दिए तथा जहाँ भी सुधार की आवश्यकता दिखी, वहां तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीआरएम ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने को लेकर मंडल की प्रतिबद्धता दोहराई।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानीय लोग भी मौजूद थे, जिनमें भाजपा नेता मुकेश राणा और राजद नेता मोइनुद्दीन शामिल थे। उन्होंने डीआरएम को बताया कि मकनपुर चौक से बाजार जाने वाले रेल फाटक को बंद किए जाने से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। मुकेश राणा ने बताया कि फाटक के बगल में महिला कॉलेज है और ब्रेक पॉइंट पर ओवरब्रिज चढ़ने में वाहनों को जाम का सामना करना पड़ता है। इसलिए फाटक को खोलने या वहाँ अंडरपास की सुविधा देने की मांग उठाई गई।

स्थानीय लोगों ने प्लेटफॉर्म नंबर एक पर एस्केलेटर निर्माण के लिए दो साल पहले खोदे गए गड्ढे को अब तक नहीं भरे जाने की समस्या भी रखी। लोगों ने बताया कि इस गड्ढे के कारण शौचालय जाने का रास्ता बाधित है और आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं, इसलिए इसे जल्द बंद कराया जाना जरूरी है। इसके अलावा स्टेशन रोड में अवैध दुकानों को रेलवे द्वारा लगातार लाल रंग से चिह्नित किए जाने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने की जानकारी भी डीआरएम को दी गई।
