नवगछिया पुलिस ने अवैध वसूली से जुड़े वायरल वीडियो पर त्वरित कार्रवाई की है। मामले में एक पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो होमगार्ड जवानों को लाइन हाजिर कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
यह कार्रवाई 28 नवंबर 2025 को सोशल मीडिया पर सामने आए उस वीडियो के बाद की गई, जिसमें तीन पुलिसकर्मी कथित रूप से अवैध लेनदेन से जुड़े विवाद में शामिल दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) को सौंपी थी।
एसडीपीओ की जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि भवानीपुर थाना क्षेत्र में दिन की गश्त के दौरान गश्ती प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक वारिश खां, होमगार्ड संदीप कुमार और गुड्डन मंडल अवैध लेनदेन से संबंधित विवाद में शामिल थे। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि तीनों की कार्रवाई मनमानी और अवैध वसूली की ओर संकेत करती है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर नवगछिया के पुलिस अधीक्षक ने गश्ती प्रभारी वारिश खां को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, होमगार्ड संदीप कुमार और गुड्डन मंडल को लाइन हाजिर करते हुए उनके खिलाफ आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी को अनुशंसा भेजी गई है।

